ईटानगर, 25 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने नाहरलागुन में एक घर से 50 लाख रुपये से अधिक का गांजा बरामद किया है और इस संबंध में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
राजधानी के पुलिस अधीक्षक जिम्मी चिराम ने यहां संवाददाताओं से कहा कि राजधानी परिसर क्षेत्र में मादक पदार्थ की आपूर्ति के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस का एक विशेष दल बनाया गया और नाहरलागुन के गोलोनाला क्षेत्र में स्थित एक घर पर शुक्रवार शाम को छापेमारी की गई।
एसपी ने कहा कि घर की तलाशी के दौरान, पुलिस को 525.97 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जो छिपा कर रखा गया था।
चिराम ने कहा, “दल ने एक .32 पिस्तौल और 50 हजार रुपये नकद बरामद किये। पुलिस ने एक एसयूवी वाहन भी बरामद किया जिसके बारे में संदेह है कि उसका इस्तेमाल मादक पदार्थ पहुंचाने में किया जाता होगा।” पुलिस ने कहा कि महिला को गिरफ्तार किया गया है और उसका पति फरार है।
भाषा यश रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
