ईटानगर, 10 मार्च (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने मंगलवार को कहा कि असम के साथ अंतर-राज्यीय सीमा के सर्वेक्षण और सीमांकन का कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू कर दिया गया है।
यह प्रयास दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे विवाद को सुलझाने के लिए किया जा रहा है।
भाजपा विधायक वांगलिन लोवांगडोंग के लिखित प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि पक्के केसंग को सीमा पर लगाए जाने वाले खंभों की स्थापना के लिए पहला जिला चुना गया है। सीमांकन का कार्य इस वर्ष नौ फरवरी को शुरू हुआ और पहला खंभा 27 फरवरी को सफलतापूर्वक लगाया गया।
खांडू ने कहा कि नामसाई घोषणा और उसके बाद की सीमा निर्धारण प्रक्रिया के बाद, अरुणाचल प्रदेश ने असम के साथ अंतर-राज्यीय सीमा पर कुल मिलाकर शुद्ध क्षेत्रीय लाभ दर्ज किया है।
उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच आठ जिलों को कवर करने वाले अंतिम सीमा समझौते से अरुणाचल प्रदेश को क्षेत्र के मामले में स्पष्ट रूप से लाभ हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि असम और अरुणाचल प्रदेश सरकारों के बीच 20 अप्रैल, 2023 को हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत तिरप क्षेत्र से संबंधित मुद्दों का पहले ही समाधान हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने एक बार फिर से कहा कि राज्य सरकार उचित संवैधानिक प्रक्रिया, परामर्श और कानूनी साधनों के माध्यम से अरुणाचल प्रदेश के क्षेत्रीय और पारंपरिक दावों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
