ईटानगर, 26 नवंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल के. टी परनाइक (सेवानिवृत्त) और मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने संविधान दिवस पर बुधवार को नागरिकों से संवैधानिक मूल्यों को बनाए रखने और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने की अपील की।
राज्यपाल ने अपने संदेश में राज्य के लोगों से संविधान की पवित्रता को बनाए रखने और मौलिक कर्तव्यों का सम्मान करने का आह्वान करने के साथ ही लोगों से संवैधानिक सिद्धांतों में निहित एक सामंजस्यपूर्ण और प्रगतिशील समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करने को आग्रह किया।
राज्यपाल ने कहा, ‘एक न्यायविद और समानता के समर्थक के रूप में उनकी(बी आर आंबेडकर) विरासत राष्ट्र को प्रेरित करती रहेगी।’
वहीं राज्य के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने अपने संदेश में बी आर आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के दृष्टिकोण के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि संविधान भारत के लोकतांत्रिक लोकाचार की आधारशिला के रूप में कार्य करता रहेगा।
खांडू ने कहा, ‘आज हम बी. आर. आंबेडकर और संविधान सभा के सदस्यों के उस दृष्टिकोण को नमन करते हैं जिन्होंने भारत को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर आधारित संविधान दिया। आइए, हम हर दिन इन मूल्यों को जीये और एक मजबूत, एकजुट और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करें।’
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
