scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशभोपाल में अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री चौहान ने श्रद्धांजलि अर्पित की

भोपाल में अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण, मुख्यमंत्री चौहान ने श्रद्धांजलि अर्पित की

Text Size:

भोपाल, सात मार्च (भाषा) मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कांग्रेस के दिवंगत नेता अर्जुन सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली अनूठी थी और उन्हें ‘‘राजनीति का चाणक्य’’ माना जाता था।

मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल में व्यापमं चौराहे पर दिवंगत नेता की आदमकद प्रतिमा का अनावरण करने के बाद समारोह को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अर्जुन सिंह किसी पार्टी या संस्था के कारण नहीं, बल्कि अपने व्यक्तित्व के कारण एक प्रमुख राजनेता बने। उन्हें ‘राजनीति का चाणक्य’ माना जाता था।’’

अर्जुन सिंह का 2011 में 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उन्होंने अपने दशकों लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान केंद्रीय मंत्री, अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा पंजाब के राज्यपाल के रूप में कार्य किया।

भाजपा के वरिष्ठ नेता चौहान ने याद किया कि अर्जुन सिंह ने 1985 में आतंकवाद के चरम पर रहने के दौरान पंजाब के राज्यपाल का पद संभाला था और उन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी और अकाली नेता हरचंद सिंह लोगोंवाल के बीच ऐतिहासिक शांति समझौते कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

चौहान ने कहा कि 1980 के दशक में अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में अर्जुन सिंह ने उस समय के खूंखार डकैतों के आत्मसमर्पण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपनी राजनीतिक उपलब्धियों का श्रेय अर्जुन सिंह को दिया।

दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘‘आज मैं जो कुछ भी हूं, उनकी ( अर्जुन सिंह) वजह से हूं। उनके काम करने का अंदाज निराला था। वह कम बोलने वाले व्यक्ति थे, लेकिन जो कहते थे उसे अमल में लाते थे। उन्हें शब्दों में बयां करना असंभव है।’’

मध्य प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं अर्जुन सिंह के बेटे अजय सिंह ने प्रतिमा स्थापित करने के लिए भाजपा सरकार और भोपाल नगर निगम (बीएमसी) के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा, ‘‘उन्होंने (अर्जुन सिंह) जिस भी क्षेत्र में काम किया, उसमें पूर्ण योगदान दिया और यह उनकी वजह से था कि इंदौर देश का पहला शहर बन गया है, जहां भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) और भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) दोनों हैं।’’

समारोह को अर्जुन सिंह की बेटी वीणा सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने भी संबोधित किया।

भाषा दिमो शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments