मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ ने सवाल उठाया है कि कैसे एक कंपनी को उपनगरीय मुंबई में 38 एकड़ की झुग्गी पुनर्वास प्राधिकरण (एसआरए) परियोजना के लिए ‘डेवलपर’ के रूप में नियुक्त किया गया।
गायकवाड़ ने दावा किया कि कंपनी भाजपा नेता से जुड़ी हुई है।
सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में उन्होंने कंपनी का नाम ‘शिव इंफ्रा विजन प्रॉपर्टीज प्राइवेट लिमिटेड’ बताया और कहा कि इसने जुहू गली क्षेत्र में करोड़ों रुपये की परियोजना हासिल की है। उन्होंने भाजपा नेता के साथ इसके संबंध की प्रकृति के बारे में जानना चाहा। उन्होंने भाजपा नेता की पहचान उजागर नहीं की, लेकिन कहा कि उन्होंने पार्टी से ‘स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति’ ले ली है।
लोकसभा सदस्य ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (जो आवास मंत्री हैं) और एसआरए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) महेंद्र कल्याणकर से पूछा कि डेवलपर को अंतिम रूप देने से पहले क्या प्रक्रिया अपनाई गई।
इस बीच मीडिया और सोशल मीडिया के एक वर्ग में आई उन खबरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कि गायकवाड़ के दावे पर भाजपा सदस्य और व्यवसायी मोहित कंबोज ने कहा कि राजनीति से उनके संन्यास लेने और पुनर्विकास आवास परियोजनाएं मिलने की बातें निराधार हैं।
कंबोज ने एक बयान में कहा, ‘‘मेरे संज्ञान में आया है कि कुछ मीडिया संस्थान और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेरे तथाकथित ‘सक्रिय राजनीति से संन्यास’ के बारे में खबरें प्रसारित कर रहे हैं। मैं यह बिल्कुल स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि मैंने कभी भी, किसी भी समय, यह घोषणा नहीं की है कि मैं सक्रिय राजनीति से संन्यास ले रहा हूं। ये खबरें निराधार और भ्रामक हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘मैंने मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड़ के हवाले से भी बयान देखे हैं, जिनमें आरोप लगाया गया है कि महाराष्ट्र सरकार ने मुझे ‘30 एसआरए परियोजनाएं’ दी हैं।’
कंबोज ने कहा कि उनके दावे बिल्कुल गलत हैं।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.