हैदराबाद, 19 जुलाई (भाषा) न्यायमूर्ति अपरेश कुमार सिंह को शनिवार को हैदराबाद में तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ दिलाई गई।
त्रिपुरा उच्च न्यायालय से स्थानांतरित होकर आए न्यायमूर्ति सिंह को राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने राजभवन में आयोजित एक समारोह में पद की शपथ दिलायी। वह न्यायमूर्ति सुजॉय पॉल का स्थान लेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, उपमुख्यमंत्री एम. भट्टी विक्रमार्क, अन्य कैबिनेट मंत्री, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और विभिन्न गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
सात जुलाई, 1965 को जन्मे न्यायमूर्ति सिंह ने दिल्ली विश्वविद्यालय से बीए ऑनर्स और एलएलबी की डिग्री प्राप्त की है। उन्हें 2012 में झारखंड उच्च न्यायालय का एक अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
तेलंगाना उच्च न्यायालय में स्थानांतरित होने से पहले उन्होंने 17 अप्रैल, 2023 से त्रिपुरा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्य किया।
भाषा अमित सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.