scorecardresearch
शनिवार, 26 अप्रैल, 2025
होमदेशजीवन में कोई भी लक्ष्य कड़ी मेहनत से हासिल किया जा सकता है: सुखविंदर सिंह सुक्खू

जीवन में कोई भी लक्ष्य कड़ी मेहनत से हासिल किया जा सकता है: सुखविंदर सिंह सुक्खू

Text Size:

शिमला, 22 अप्रैल (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में सोमवार को छात्र संगठन नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) द्वारा आयोजित ‘‘व्यवस्था परिवर्तन एक संकल्प : आगाज नये युग का’’ कार्यक्रम में यह टिप्पणी की।

उन्होंने कहा, ‘‘असफलता जीवन का हिस्सा है, लेकिन चुनौतियों से कभी भी किसी का हौसला नहीं टूटना चाहिए। सफलता उन लोगों को मिलती है जो दृढ़ निश्चयी होते हैं।”

एक बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प और इच्छाशक्ति से जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में आत्मविश्वास की कोई कमी नहीं है और वे जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकते हैं।

सुक्खू ने अपने राजनीतिक करियर पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लंबे संघर्ष के बाद वह मुख्यमंत्री के रूप में लोगों की सेवा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारे 11 विधायक छात्र जीवन में एनएसयूआई की राजनीति से निकले हैं। आज मैं राज्य सरकार का नेतृत्व सौभाग्य के बल पर नहीं कर रहा हूं, बल्कि इसलिए कर रहा हूं, क्योंकि लोगों ने मुझ पर भरोसा जताया है।’’

मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय की यादें साझा करते हुए कहा कि 40 वर्ष पहले मैंने इसी विश्वविद्यालय में प्रवेश पाया था।

उन्होंने कहा, “आज जब मैं सभागार में आता हूं तो अपनेपन का अहसास होता है।”

सुक्खू ने कहा, “मेरे परिवार से कोई भी राजनीति में नहीं रहा। हम चार भाई-बहन हैं। मेरी मां को हमेशा मेरे भविष्य की चिंता सताती रहती थी।”

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किये। इंडियन आइडल से मशहूर हुईं नेहा दीक्षित ने भी कार्यक्रम के दौरान अपनी प्रस्तुति दी।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments