रांची, 12 मार्च (भाषा) केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में महिलाओं की स्थिति से जुड़े आयोग (सीएसडब्ल्यू) को संबोधित करने वाली झारखंड की पहली महिला केंद्रीय मंत्री बनने का गौरव हासिल किया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने 69वें सीएसडब्ल्यू को संबोधित करते हुए हर महिला और हर लड़की को उसके अधिकार दिलाने के भारत सरकार के संकल्प को रेखांकित किया।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा, ‘‘महिलाओं और बच्चों का कल्याण हमारे देश की प्रगति का मूल है। बहुआयामी दृष्टिकोण के जरिये हम एक ऐसे भविष्य की दिशा में काम कर रहे हैं, जहां हर महिला सशक्त हो और हर बच्चे की परवरिश एक सुरक्षित एवं सहायक वातावरण में हो।’’
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘69वें सीएसडब्ल्यू में भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात है। झारखंड से इस वैश्विक मंच तक की मेरी यात्रा महिला एवं बाल कल्याण के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को मजबूत करती है और विश्व मंच पर भारत के दृष्टिकोण को प्रतिध्वनित करती है।’’
अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में एक केंद्रीय टीम 10 मार्च से 21 मार्च तक आयोजित किए जाने वाले इस सत्र में हिस्सा ले रही है।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वह संयुक्त राष्ट्र में 69वें सीएसडब्ल्यू को संबोधित करने वाली और भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय वक्तव्य देने वाली झारखंड की पहली महिला केंद्रीय मंत्री बनी हैं।’’
सीएसडब्ल्यू प्रमुख वैश्विक अंतर-सरकारी निकाय है, जो खासतौर पर लैंगिक समानता और महिलाओं के अधिकारों एवं सशक्तीकरण को बढ़ावा देने को समर्पित है।
भाषा पारुल नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.