(फाइल फोटो के साथ)
राजामहेंद्रवरम (आंध्र प्रदेश), 23 सितंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने कौशल विकास निगम घोटाले के संबंध में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू से शनिवार को पूछताछ की।
पुलिस महानिदेशक डीआइजी (जेल) एम आर रवि किरण ने बताया कि नायडू से पहला दिन की पूछताछ पूरी हो गई है। नायडू को आज सीआईडी अधिकारियों द्वारा अदालत में पेश नहीं किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नायडू को रविवार को पूछताछ पूरी होने के बाद अदालत में पेश किया जा सकता है।
डीआइजी ने कहा कि विशेष भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अदालत के निर्देशानुसार नायडू को पूछताछ के दौरान ब्रेक लेने और एक वकील से मिलने की अनुमति दी गई थी।
अदालत ने शुक्रवार को अधिक पूछताछ के लिए नायडू (73) को दो दिन की सीआईडी की हिरासत में भेज दिया था। नायडू से दो दिन (23 और 24 सितंबर) सुबह साढ़े नौ बजे से शाम पांच बजे तक पूछताछ की अनुमति दी गयी है।
अदालत ने पूछताछ में सीआईडी की आर्थिक अपराध शाखा के तीन पुलिस उपाधीक्षक के साथ छह कनिष्ठ पुलिस अधिकारियों, एक पेशेवर वीडियोग्राफर और दो आधिकारिक मध्यस्थों को भाग लेने की अनुमति दी है।
अदालत ने सीआईडी को नायडू की हिरासत के दौरान एक उचित दूरी से उनके वकील को भी मौजूद रहने देने का निर्देश दिया।
अदालत ने पूर्व मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य और उम्र पर विचार करते हुए उनसे जेल परिसर में ही पूछताछ करने की अनुमति दी है ताकि वे राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार से मंगलागिरि में सीआईडी कार्यालय जाने तक की 200 किलोमीटर की यात्रा से बच सकें।
संबंधित घटनाक्रम में, नायडू ने कथित घोटाले के संबंध में उनके खिलाफ दर्ज प्राथमिकी को रद्द करने के अनुरोध संबंधी याचिका खारिज करने के आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के आदेश को शनिवार को उच्चतम न्यायालय में चुनौती दी। उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को नायडू की याचिका खारिज कर दी थी।
नायडू को कौशल विकास निगम में कथित अनियमितताओं के आरोप में नौ सितंबर को गिरफ्तार किया गया था। ऐसा आरोप है कि इन अनियमितताओं से राजकोष को 300 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ।
भाषा आशीष माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.