भदोही (उप्र), आठ फरवरी (भाषा) भदोही जिले की सुरयावा थाना पुलिस ने एक खेत मालिक और उसके दो दोस्तों के खिलाफ वनवासी समुदाय के खेत मजदूरों को धोखा देकर उनके नाम से तीन मोटरसाइकिल लोन पर खरीदने और उन्हें धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में जिले के सुरयावा थाना के दुमदुमा गांव निवासी खेत मजदूर राजू वनवासी की शिकायत पर शनिवार को भारतीय न्याय संहिता की धारा 319 (2) (धोखे से किसी का रूप धारण कर धोखाधड़ी), 318-(4) (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति प्राप्त करना), 351 (3) (गंभीर आपराधिक धमकी) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) के तहत खेत मालिक संगम सरोज और उसके दो दोस्तों आजाद और करण सरोज के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तीनों की तलाश शुरू कर दी है।
सुरियांवा थाना प्रभारी मनीष द्विवेदी ने बताया कि राजू वनवासी (35) संगम के खेत पर पिछले पांच साल से खेत मजदूरी कर रहा था। इसी साल के जनवरी में संगम सरोज और उसके दोनों दोस्त उसे अपने साथ शहर कोतवाली स्थित रजपुरा के टीवीएस एजेंसी पर ले गए और उसका आधार कार्ड लेकर उसका अंगूठा कुछ कागजों पर लगवाया और दो नयी टीवीएस अपाचे लेकर चले आए।
मनीष द्विवेदी ने बताया कि अप्रैल में राजू वनवासी के घर पर दो बाइक का पैसा जमा करने को नोटिस मिला तो वह अनपढ़ समझ नहीं सका। फिर बाद में उसके घर एजेंसी वाले पहुंचे और टीवीएस अपाचे का पैसा मांगा, जिससे वह हैरान रह गया।
थाना प्रभारी के अनुसार तभी खेत पर एक अन्य महिला मजदूर चमेला देवी ने भी यही बात बताई कि उसके साथ भी ऐसा ही हुआ और उसके आधार कार्ड सहित अंगूठा लगाकर मालिक ने एक मोटरसाइकिल ली है।
पुलिस के मुताबिक इस बात को लेकर राजू अपने खेत मालिक संगम और उनके दोस्तों के घर गया और कहा आप लोगों ने धोखाधड़ी करके तीन मोटरसाइकिल खरीदी और उसके भुगतान के लिए बाइक एजेंसी वाले हम लोगों से नकद पैसा लेने को प्रताड़ित कर रहे है। हम गरीब मजदूर कहा से देंगे तो इस बात पर तीनों ने उसे अपशब्द कहे और मारपीट के बाद भगा दिया।
पुलिस ने बताया कि दबंगों ने राजू से कहा था कि अगर उन्होंने खेत में मजदूरी करने या बाइक के बारे में बात की तो वे उसे जान से मार डालेंगे। राजू ने बाइक एजेंसी द्वारा बढ़ते दबाव पर पुलिस में मामला दर्ज कराया।
थाना प्रभारी ने बताया संगम, आजाद, करण तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।
भाषा सं आनन्द सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
