बीड, एक फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में बीड जिले के एक गांव में कथित रूप से चॉकलेट का लालच देकर नौ साल की बच्ची पर यौन हमला करने को लेकर एक बुजुर्ग व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बच्ची की मां ने 28 जनवरी की इस वारदात को लेकर औपचारिक शिकायत की, जिसके बाद यह घटना सामने आयी।
पुलिस के अनुसार बच्ची चौथी कक्षा की छात्रा है, जिसका परिवार धारूर तहसील अंतर्गत एक गांव में खेतिहर मजदूर के रूप में काम करता है।
पुलिस के मुताबिक, 28 जनवरी को स्कूल जाने के दौरान बच्ची अपने एक दोस्त से मिलने गयी, उसी बीच आरोपी बाबूराव निर्दे ने उसे रोककर चॉकलेट का लालच दिया एवं अपने घर ले गया।
पुलिस का कहना है कि बाबूराव ने अपने घर पर बच्ची पर यौन हमला किया।
पुलिस के मुताबिक बुरी तरह डर गयी यह लड़की शुरू में चुप रही और उसी हालत में स्कूल भी गई, लेकिन अगले दिन उसकी मां ने उसे असामान्य रूप से गुमशुम देख प्यार से जब पूछताछ की, तब उसने पूरी घटना बताई।
पुलिस के अनुसार, बच्ची के परिवार ने तुरंत दिंद्रुद थाना शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और बाल यौन अपराध संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
सहायक पुलिस निरीक्षक (एपीआई) महादेव ढाकने ने बताया, “आरोपी 70-वर्षीय बाबूराव निर्दे को अंबाजोगाई से गिरफ्तार किया गया है। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।”
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
