scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेश‘मेटा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ अमोल पालेकर को

‘मेटा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ अमोल पालेकर को

Text Size:

नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) जाने-माने वरिष्ठ अभिनेता अमोल पालेकर को यहां ‘महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्ड्स’ के 21वें संस्करण में ‘मेटा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार भारतीय रंगमंच और सिनेमा में उनके असाधारण योगदान के लिए दिया जाएगा।

पुरस्कार के आयोजकों ने मंगलवार को यह घोषणा की।

मेटा (महिंद्रा एक्सीलेंस इन थिएटर अवार्ड्स) द्वारा यहां जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘कई दशकों के करियर में, पालेकर को उनकी खास कलात्मक आवाज़, रंगमंच और स्क्रीन पर कहानी को अलग अंदाज में कहने की उनकी प्रतिबद्धता के लिए जाना जाता है। एक अभिनेता, निदेशक और रचनात्मक दूरदृष्टा के तौर पर उनके काम ने आज के भारतीय मनोरंजन परिवेश पर गहरी छाप छोड़ी है।’’

अपने ‘साधारण युवक’ वाले किरदार के लिए जाने जाने वाले पालेकर 1970 के दशक में ‘छोटी सी बात’, ‘चितचोर’, ‘बातों बातों में’ और ‘गोलमाल’ जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहे।

महिंद्रा ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट और हेड (कल्चरल आउटरीच), जय शाह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमें अमोल पालेकर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड देते हुए गर्व हो रहा है, जिनके थिएटर, सिनेमा और आर्ट्स में असाधारण योगदान ने पीढ़ियों को प्रेरित किया है। मेटा के ज़रिये, हम कलाकारों को सहयोग करने और एक ऐसा मंच देने के लिए प्रतिबद्ध हैं जहां अलग-अलग आवाज़ों और कहानियों को अनुभव किया जा सके, उनका जश्न मनाया जा सके और ज़्यादा से ज्यादा दर्शकों के साथ साझा किया जा सके।’’

थिएटर फेस्टिवल और अवार्ड्स के 21वें संस्करण में 19-25 मार्च तक कमानी ऑडिटोरियम और श्रीराम सेंटर ऑडिटोरियम में 10 चयनित नाटकों का मंचन किया जाएगा।

बयान के अनुसार, एक हफ़्ते तक चलने वाले इस उत्सव में पौराणिक कथाओं और भक्ति से लेकर लैंगिकता, पहचान, राजनीति और सामाजिक बदलाव जैसे विषयों पर बात होगी।

मेटा 13 प्रतिस्पर्धा श्रेणियों में पुरस्कार देगा, जिसमें फिल्म निर्माण, निर्देशन, मंच डिज़ाइन, साउंड और म्यूज़िक डिज़ाइन, लाइट डिज़ाइन, कॉस्ट्यूम डिज़ाइन, मुख्य भूमिका में अभिनेता (पुरुष और महिला), सहायक भूमिका में अभिनेता (पुरुष और महिला), मूल कथानक, परिधान और कोरियोग्राफी शामिल हैं।

इस अवसर पर टीमवर्क आर्ट्स के मैनेजिंग डायरेक्टर संजय के. रॉय ने कहा, ‘‘हर साल, मेटा पूरे भारत की कहानियों को एक साथ लाता है, जिसमें क्लासिकल थिएटर परंपराओं को समकालीन चलन के साथ मिलाया जाता है। वर्ष 2026 के लिए चयनित 10 प्रोडक्शन ज़बरदस्त रचनात्मकता, अभिनव प्रयोग को दिखाते हैं। दिल्ली में दर्शकों के सामने ये प्रोडक्शन पेश करना खुशी की बात है।”

इस साल के पुरस्कार निर्णायक मंडल (जूरी) में मशहूर रंगमंच निर्देशक अमाल अल्लाना, रंगमंच निर्देशक एवं शिक्षाविद् अनुराधा कपूर, मशहूर स्टेज और स्क्रीन एक्टर रजित कपूर, मशहूर नाटककार, निर्देशक और अभिनेता सतीश अलेकर और जानी-मानी अभिनेत्री, गायिका एवं रंगमंच हस्ती इला अरुण शामिल हैं।

पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा 25 मार्च को कमानी ऑडिटोरियम में एक ग्रैंड फिनाले के दौरान की जाएगी।

भाषा नरेश

नरेश सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments