नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 7 से 9 फरवरी तक तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ जाएंगे, जहां वे राज्य में नक्सल स्थिति की समीक्षा करेंगे. यह दौरा मार्च 2026 तक नक्सलवाद खत्म करने के केंद्र सरकार के लक्ष्य के लिहाज से अहम माना जा रहा है.
गृह मंत्री 7 फरवरी की शाम रायपुर पहुंचकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करेंगे. 8 फरवरी को रायपुर में वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) पर उच्चस्तरीय बैठक होगी, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार, पुलिस और केंद्रीय बलों के अधिकारी शामिल होंगे.
दौरे के दौरान अमित शाह ‘छत्तीसगढ़ @ 25: शिफ्टिंग द लेंस’ राष्ट्रीय सम्मेलन में भी शामिल होंगे. 9 फरवरी को वे बस्तर के जगदलपुर जाकर बस्तर पंडुम महोत्सव 2026 के समापन समारोह में भाग लेंगे.
यह दौरा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति बहाली और विकास को गति देने की दिशा में केंद्र सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है.
