scorecardresearch
Monday, 23 February, 2026
होमदेशधीमान हत्याकांड के तीनों मुख्य आरोपी गिरफ़्तार

धीमान हत्याकांड के तीनों मुख्य आरोपी गिरफ़्तार

Text Size:

देहरादून, 22 फरवरी (भाषा) करीब एक पखवाड़े पहले देहरादून के रेस कोर्स इलाके में हुई युवक दिगंबर धीमान की हत्या मामले के तीनों मुख्य आरोपियों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है । पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी ।

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि हेमंत सेमवाल (37), आदिल हुसैन (38) और वैभव भट्ट उर्फ संजू (25) को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आईएसबीटी के पास हरिद्वार बाइपास रोड से शनिवार को गिरफ़्तार किया गया ।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि धीमान ने उनसे ढ़ाई लाख रुपये लिए थे लेकिन वह पैसे लौटा नहीं रहा था। गत नौ फरवरी को आरोपियों ने धीमान (28) को सेमवाल के रेसकोर्स क्षेत्र स्थित कमरे पर बुलाया जहां उन्होंने बैठकर शराब पी ।

उन्होंने बताया कि इसी दौरान, आरोपियों ने उससे फिर पैसे मांगे जिसे देने में आनाकानी करने पर उन्होंने धीमान पर घर में रखी लोहे की रॉड, हथौड़े और पेंचकस से वार कर दिया । इससे धीमान को गंभीर चोटें आयीं और ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गयी ।

आरोपियों ने बताया कि घटना के बाद, उन्होंने अपने एक परिचित टैक्सी चालक राजनंदन ठाकुर को बुलाया और उसकी टैक्सी में शव को हरिद्वार के चिड़ियापुर के जंगलों में ले जाकर दबा दिया ।

पुलिस इस मामले में ठाकुर को 17 फरवरी को ही गिरफ्तार कर चुकी है और उसकी निशानदेही पर शव को भी बरामद कर चुकी है ।

आरोपियों ने बताया कि शव को ठिकाने लगाने में मदद के एवज में आरोपियों ने टैक्सी चालक राजनंदन ठाकुर को 15 हजार रुपये देने की बात कही थी ।

आरोपियो ने मृतक के जूते और कथित तौर पर उसे मारने में इस्तेमाल की गयी रॉड तथा अन्य सामान रास्ते में नेपाली फार्म से आगे पुल से नीचे फेंक दिए थे । पुलिस ने वह सामान भी बरामद कर लिया है ।

धीमान नौ फरवरी से गायब था और उसकी हत्या का खुलासा आठ दिन बाद तब हुआ जब उसके बारे में जानकारियां जुटाते और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए पुलिस ठाकुर तक पहुंची ।

भाषा दीप्ति शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments