scorecardresearch
Friday, 20 March, 2026
होमदेशअन्नाद्रमुक चार दिन में सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी,निर्वाचन क्षेत्रों की घोषणा करेगी:पलानीस्वामी

अन्नाद्रमुक चार दिन में सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी,निर्वाचन क्षेत्रों की घोषणा करेगी:पलानीस्वामी

Text Size:

नयी दिल्ली/चेन्नई, 20 मार्च (भाषा) अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई. के. पलानीस्वामी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और अन्य सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे को अंतिम रूप देगी तथा दलों को आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों की औपचारिक घोषणा चार दिन में कर देगी।

पलानीस्वामी ने बृहस्पतिवार रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात की थी।

अन्नाद्रमुक प्रमुख ने कहा कि शाह के साथ उनकी बैठक सौहार्दपूर्ण रही और दोनों ने तमिलनाडु के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा की।

उन्होंने बातचीत में किसी भी तरह की बाधा से इनकार करते हुए कहा कि बातचीत सुचारू रूप से जारी है और इसका सौहार्दपूर्ण समाधान निकल जाएगा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने चेन्नई रवाना होने से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘आपको चार दिन में सब पता चल जाएगा। हम आवंटित निर्वाचन क्षेत्रों के संबंध में घोषणा करेंगे। यहां यह (बातचीत) द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) गठबंधन की तरह नहीं है। हमारी बातचीत सुचारू और पूरी तरह व्यवस्थित होगी… हमारा उद्देश्य अपने सहयोगियों को वे सीट आवंटित करना है, जहां उनके जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा की तमिलनाडु इकाई के प्रभारी पीयूष गोयल बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए शनिवार को राज्य का दौरा करेंगे।

पलानीस्वामी ने विजय नीत तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के साथ गठबंधन वार्ता को मीडिया की अटकल करार देते हुए कहा, ‘‘मैं अन्नाद्रमुक महासचिव के रूप में कहता रहा हूं कि हमने टीवीके के साथ बातचीत नहीं की है। आप इस मुद्दे को बार-बार क्यों उठाते रहते हैं?’’

किसी अन्य दल के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के बारे में पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा कि किसी नये दल के राजग में शामिल होने की संभावना नहीं है क्योंकि गठबंधन तय हो चुका है।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की एक योजना की आलोचना करते हुए अभिनेत्री नयनतारा पर अन्नाद्रमुक के राज्यसभा सदस्य सी. वे. षणमुगम की हालिया विवादास्पद टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर पलानीस्वामी ने कहा, ‘‘उन्होंने (षणमुगम ने) अपनी गलती का एहसास होने के बाद माफी मांग ली है। इसलिए इस पर आगे चर्चा करना उचित नहीं होगा।’’

भाषा सिम्मी शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments