बेंगलुरु, एक फरवरी (भाषा) कर्नाटक कृषि विभाग द्वारा कृषि को महज उत्पादन से आगे ले जाने और किसानों को उद्यमी के रूप में सशक्त बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डालने के उद्देश्य से रविवार को बेंगलुरु के कब्बन पार्क में आयोजित ‘एग्रीवॉक’ में विभिन्न आयु वर्ग के सैकड़ों नागरिकों ने भाग लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
‘किसानों को सशक्त करने के लिए एक वॉक’ विषय पर आयोजित इस ‘एग्रीवॉक’ का आयोजन आगामी अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 से पहले किया गया जिसका उद्देश्य किसानों की आय में सुधार के तरीकों के रूप में मूल्यवर्धन, प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के बारे में जागरूकता पैदा करना था।
राज्य के कृषि मंत्री एन चेलुवरायास्वामी ने कब्बन पार्क बैंडस्टैंड के पास से ‘एग्रीवॉक’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यात्रा सुबह छह बजे शुरू हुई और क्वींस रोड, विधान सौधा, बीबीएमपी टावर, यूबी सिटी सिग्नल और विट्ठल माल्या रोड से होते हुए बैंडस्टैंड पर समाप्त हुई।
खाद्य प्रणालियों, किसान कल्याण और स्वस्थ जीवनशैली में बढ़ते जनहित को दर्शाते ‘एग्रीवॉक’ के लिए बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों सहित लगभग 4,000 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि ‘एग्रीवॉक’ का आयोजन छह से आठ फरवरी तक त्रिपुरवासिनी, पैलेस ग्राउंड्स में किए जाने की संभावना है।
चेलुवरायास्वामी ने कहा कि भारत की कृषि रणनीति में बड़ा बदलाव आया है जो महज उत्पादन से हटकर अब लाभ केंद्रित हो रही है, जिसमें किसानों को उद्यमी बनाने के लिए मूल्यवर्धन, ब्रांडिंग और बाजार संबंधों पर नए सिरे से जोर दिया जा रहा है।
भाषा सुरभि माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
