scorecardresearch
Sunday, 22 March, 2026
होमदेशआगरा : सात मकानों के ढहने के मामले में न्यासी, बिल्डर और ठेकेदार गिरफ्तार

आगरा : सात मकानों के ढहने के मामले में न्यासी, बिल्डर और ठेकेदार गिरफ्तार

Text Size:

आगरा (उप्र),27 जनवरी(भाषा) आगरा के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बृहस्पतिवार की सुबह सात मकानों के ढहने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को नजदीक बनी रायबहादुर विशम्भरनाथ धर्मशाला के न्यासी राजू मेहरा और बिल्डर हरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले पुलिस ने बृहस्पतिवार की रात ठेकेदार राघवेंद्र उपाध्याय को गिरफ्तार किया था।

इसी बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना में मारी गई बच्ची के परिजनों को दो लाख रुपये की राशि मुआवजे के तौर पर स्वीकृत की है और घायलों के सरकारी खर्च पर उपचार कराने के निर्देश दिये हैं। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने मुआवजा राशि का चेक मृतका के परिजन को सौंपा।

इसके साथ ही मंत्री ने कहा कि घायलों को सरकार द्वारा नि:शुल्क इलाज तथा मकानों के ढहने से प्रभावित लोगों को आवास दिलाए जाने हेतु अपर जिलाधिकारी (नगर) को निर्देशित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों को पास के ही धर्मशाला में अस्थाई रूप रहने की व्यवस्था की गई है और उनके खाने पीने तथा अन्य मूलभूत सुविधाएं प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही हैं।

अपर जिलाधिकारी (नगर) अंजनी कुमार सिंह ने टीम गठित कर प्रभावित मकानों का निरीक्षण कर आर्थिक नुकसान की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

गौरतलब है कि बृहस्पतिवार को धर्मशाला के बेसमेंट की खुदाई के दौरान यह हादसा हुआ था।

भाषा सं. धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments