scorecardresearch
Friday, 6 February, 2026
होमदेशजनकपुरी में बाइक सवार की मौत पर एक्शन, जल बोर्ड बनाएगा कमेटी, जांच के आदेश: मंत्री आशीष सूद

जनकपुरी में बाइक सवार की मौत पर एक्शन, जल बोर्ड बनाएगा कमेटी, जांच के आदेश: मंत्री आशीष सूद

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि परिवार को छह थानों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली और सुबह फोन पर मौत की जानकारी दी गई. वहीं मृतक के दोस्त ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते मोबाइल लोकेशन न बताने के कारण जान चली गई.

Text Size:

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरकर एक बाइक सवार की मौत के मामले में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद ने कार्रवाई का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड को इस मामले की जांच के लिए एक विशेष कमेटी बनाने के निर्देश दिए गए हैं.

मंत्री आशीष सूद ने मृतक के परिवार के प्रति संवेदना जताई और कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

उन्होंने बताया कि उन्होंने खुद दो घंटे तक घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बावजूद जल बोर्ड को जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं.

आशीष सूद ने कहा कि सरकार अपनी जिम्मेदारी समझती है और इस दुख की घड़ी में पूरा सहयोग परिवार को दिया जा रहा है. उन्होंने यह भी कहा कि भले ही मृतक को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.

इससे पहले दिल्ली सरकार ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया था. वहीं दिल्ली जल बोर्ड ने भी युवक की मौत पर दुख जताया है और कहा है कि मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है. जल बोर्ड ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि लापरवाही पाए जाने पर पद की परवाह किए बिना सख्त कार्रवाई की जाएगी.

बताया गया है कि 25 वर्षीय कमल ध्यानी गुरुवार रात जनकपुरी इलाके में बाइक से घर लौटते समय एक गड्ढे में गिर गए, जिससे उनकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कर ली गई है.

मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि परिवार को छह थानों के चक्कर लगाने के बाद भी कोई मदद नहीं मिली और सुबह फोन पर मौत की जानकारी दी गई. वहीं मृतक के दोस्त ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते मोबाइल लोकेशन न बताने के कारण जान चली गई.

share & View comments