scorecardresearch
Monday, 2 February, 2026
होमदेशलूट और मारपीट के मामले में आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल

लूट और मारपीट के मामले में आरोपी पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल

Text Size:

जांजगीर-चंपा, एक फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चंपा जिले में लूट और हमले के कई मामलों में कथित तौर पर शामिल एक व्यक्ति रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना तब हुई, जब एक विशेष दल ने पामगढ़ और शिवरीनारायण पुलिस थानों की सीमा के अंतर्गत 27 और 29 जनवरी को हुई सिलसिलेवार लूट और हमले की घटनाओं के सिलसिले में आठवें आरोपी रामनाथ सबरिया (21) को पकड़ने का प्रयास किया।

पुलिस ने बताया कि इन घटनाओं में एक गिरोह की ओर से रॉड और लाठियों से किए गए हमले में 14 लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि घायल दो लोगों को बिलासपुर के एक अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

एक अधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों में इन मामलों में सात आरोपियों को पकड़ने के बाद, आज सुबह एक विशेष दल ने सबरिया को पकड़ने का प्रयास किया, तभी उसने देसी हथियार से गोली चला दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिससे आरोपी के पैर में चोट आई। उन्होंने बताया कि उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारी के मुताबिक, 29 जनवरी की रात को पुलिस को शिकायत मिली कि मोटरसाइकिल सवार हमलावरों के एक समूह ने शिवरीनारायण पुलिस थाना क्षेत्र के कचंदा गांव के पास कई लोगों पर हमला किया।

अधिकारी ने बताया कि हमलावरों ने लोगों से मोबाइल फोन और नकदी छीन ली तथा उन्हें बेतरतीब ढंग से लोहे की रॉड और लाठियों से पीटा। उन्होंने बताया कि इसी गिरोह ने 27 जनवरी की रात को पास के पामगढ़ इलाके में भी इसी तरह के हमले किए थे, जहां पीड़ितों को रॉड से पीटा गया और उनके मोबाइल फोन और नकदी लूट ली गई।

जांजगीर-चंपा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विजय कुमार पांडेय ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। उन्होंने बताया कि आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से लोहे की चार छड़, दो लाठियां, एक बेल्ट, चार दोपहिया वाहन, आरोपियों के सात मोबाइल फोन, तीन लूटे हुए मोबाइल फोन और 9,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।

आरोपियों के खिलाफ शिवरीनारायण पुलिस थाने में दो और पामगढ़ पुलिस थाने में तीन मामले दर्ज किए गए हैं।

भाषा अमित पारुल

पारुल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments