scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशअभिषेक ने घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा सांसदों पर शाह से अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया

अभिषेक ने घुसपैठ के मुद्दे पर भाजपा सांसदों पर शाह से अलग रुख अपनाने का आरोप लगाया

Text Size:

कोलकाता, 30 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पश्चिम बंगाल दौरे के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाते हुए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेता अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को शाह पर घुसपैठ के मुद्दे पर ‘दोगली बयानबाजी’ करने का आरोप लगाया।

भाजपा नेता ने “घुसपैठ” के मुद्दे को जोर-शोर से उठाते हुए कहा था कि यह पश्चिम बंगाल के आगामी चुनावों में उनकी पार्टी का प्रमुख एजेंडा होगा।

बनर्जी ने भाजपा के सांसदों अनंत महाराज और जगन्नाथ सरकार के हालिया बयानों का जिक्र किया और कहा कि शाह के घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर दिए गए बयानों से मेल नहीं खाने वाले उनके बयानों के बावजूद पार्टी ने अब तक इन नेताओं के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की है।

टीएमसी नेता ने कोलकाता हवाई अड्डे पर पत्रकारों से कहा, ‘भाजपा के 50 विधायकों के समर्थन से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए अनंत महाराज ने कहा है कि अमित शाह इस देश के सबसे बड़े घुसपैठिये हैं।”

हालांकि बनर्जी ने इस पर और कोई विस्तार से बात नहीं की।

बनर्जी ने कहा, “राणाघाट से लोकसभा सांसद जगन्नाथ सरकार ने दो महीने पहले कहा था कि यदि भाजपा सत्ता में आती है, तो सीमाएं खत्म हो जाएंगी और बांग्लादेश से लगी बाड़ हटा दी जाएंगी। फिर भी गृह मंत्री अमित शाह उस सीमा की सुरक्षा की जिम्मेदारी ममता बनर्जी के कंधों पर डाल रहे हैं।”

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव ने सवाल किया कि क्या भाजपा ने इन दोनों नेताओं के बयानों के लिए कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा, ‘मेरी जानकारी के अनुसार, इनमें से किसी को भी कारण बताओ नोटिस तक नहीं दिया गया है। शाह पहले अपने सांसदों और विधायकों से बात करें, फिर यहां आकर ऐसी बातें कहें।”

भाषा जोहेब संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments