मुंबई, 16 मई (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने शुक्रवार को 2006 बैच की भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी आरती सिंह को मुंबई की पहली संयुक्त पुलिस आयुक्त (आसूचना) नियुक्त किया।
खुफिया जानकारी जुटाने में तेजी लाने के लिए राज्य सरकार ने हाल ही में महानगर पुलिस बल में संयुक्त आयुक्त का छठा पद सृजित किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि पहले विशेष आयुक्त का पद था जो अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) रैंक का था, उसे घटाकर छठा संयुक्त आयुक्त का पद सृजित किया गया है।
राज्य सरकार ने एक दर्जन उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रैंक के अधिकारियों का भी तबादला किया तथा 14 पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को पदोन्नत कर डीआईजी बना दिया।
अधिकारी ने कहा, “राज्य सरकार के आदेश के अनुसार, मुंबई मध्य क्षेत्र के अतिरिक्त आयुक्त अनिल पारस्कर को सुरक्षा एवं संरक्षा विभाग में स्थानांतरित किया गया है। वर्तमान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (सुरक्षा एवं संरक्षा) विनीता साहू को स्थानीय शस्त्र विभाग में स्थानांतरित किया गया है। पुणे में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) रहे शैलेश बलकावड़े को मुंबई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) के पद पर स्थानांतरित किया गया है।”
उन्होंने कहा, “अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) शशि कुमार मीना को मुंबई में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी क्षेत्र) के पद पर नियुक्त किया गया है। पुणे में कार्यरत प्रवीण पाटिल को नागपुर में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त के पद पर भेजा गया है।”
भाषा प्रशांत अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.