चंडीगढ़, 22 फरवरी (भाषा) दिल्ली के मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए उस पर अपने कार्यकाल के दौरान राष्ट्रीय राजधानी को ‘‘बर्बाद’’ करने का आरोप लगाया।
पंजाब के अमृतसर में पत्रकारों से बातचीत में सिरसा ने यह भी आरोप लगाया कि आप नीत सरकार ने पंजाब को ‘‘लूट’’ लिया। उन्होंने कानून-व्यवस्था और ‘‘बढ़ते कर्ज’’ के मुद्दों पर भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की।
सिरसा ने कहा, ‘‘मैं पंजाब के लोगों से आग्रह करना चाहता हूं कि वे सोचें कि राज्य (की आप) सरकार आपको कहां ले आई है। जिन्होंने दिल्ली को बर्बाद कर दिया, वे कह रहे हैं कि वे दिल्ली मॉडल को पंजाब में लाएंगे।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि आप नीत सरकार द्वारा ‘‘लगातार उधार’’ लेने के कारण राज्य का कर्ज लगभग चार लाख करोड़ तक पहुंच गया है।
दिल्ली की पिछली आप सरकार पर निशाना साधते हुए सिरसा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने अपने कार्यकाल के दौरान किसी सिख को कोई मंत्री पद नहीं दिया।
उन्होंने दावा किया, ‘‘इसने दिल्ली में सिखों और पंजाबियों के अधिकार छीन लिए।’’ उन्होंने दिल्ली में भाजपा सरकार का हवाला देते हुए कहा कि 2025 में सिख को मंत्री बनाया गया।
सिरसा ने आरोप लगाया कि पिछली आप सरकार ने दिल्ली में पंजाबी शिक्षकों की भर्ती बंद कर दी। उन्होंने दावा किया, ‘‘आज 850 शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाबी को वैकल्पिक भाषा बना दिया गया है, जो पहले अनिवार्य थी।’’
पंजाब में पुलिस चौकियों के बाहर हाल में हुए सिलसिलेवार बम विस्फोटों के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में सिरसा ने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था खत्म हो गई है।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.