scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशआम आदमी पार्टी ने एक और विधायक को धमकी भरी कॉल आने का दावा किया

आम आदमी पार्टी ने एक और विधायक को धमकी भरी कॉल आने का दावा किया

Text Size:

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) आम आदमी पार्टी ने शनिवार को कहा कि बुराड़ी से उसके विधायक संजीव झा को फोन पर जान से मारने की धमकी और जबरन वसूली वाली कॉल आने के बाद एक अन्य विधायक अजय दत्त को भी इसी प्रकार की कॉल आई है। पार्टी ने इस संबंध में दिल्ली पुलिस से त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।

दोनों विधायकों के साथ संयुक्त रूप से प्रेस वार्ता करते हुए आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था “पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।” उन्होंने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को हस्तक्षेप करना चाहिए। राज्यसभा सदस्य ने दावा किया कि दत्त और झा को एक ही व्यक्ति ने कॉल किया था।

सिंह ने कहा, “हमारे विधायक संजीव झा को 20 जून को धमकी भरी कॉल आई थी जिसके बाद हमने 21 जून को प्राथमिकी दर्ज कराई और मामला दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया था। इसके बाद भी झा को उगाही के लिए अब तक 24 बार कॉल आ चुकी है। अब विधायक अजय दत्त को उगाही और जान से मारने की धमकी भरी कॉल आई है। माफिया की हिम्मत तो देखिये।”

उन्होंने कहा, “दिल्ली की यह हालत है। राष्ट्रीय राजधानी में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।”

प्रेसवार्ता में सिंह ने, झा को 20 जून को आई कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनाई जिसमें कॉल करने वाला व्यक्ति विधायक से 10 लाख रुपये की मांग कर रहा है।

कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को विक्की कोबरा और गैंगस्टर नीरज बवाना का साथी बताया और कहा कि अगर झा पैसे नहीं देते हैं तो उनकी और उनके परिवार की हत्या कर दी जाएगी। प्रेस वार्ता में दत्त ने कहा कि उन्हें 22 जून को कॉल आई थी।

बवाना इस समय दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है।

आंबेडकर नगर के विधायक ने कहा, “व्हाट्सऐप पर कॉल करने वाले ने मुझसे कहा कि मैं ‘प्रोटेक्शन मनी’ के तौर पर पांच लाख रुपये दूं वरना वह मुझे गोली मार देगा। बाद में उसने मुझे वीडियो भेजा जिसमें दिखाया गया था कि मुझे मारने के लिए पिस्तौल में गोली कैसे डाली जाएगी।”

भाषा यश शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments