जयपुर, 24 फरवरी (भाषा) राजस्थान के बीकानेर जिले में नाबालिग छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
मामले में गिरफ्तारी के बाद धरने पर बैठे ग्रामीणों व प्रशासन के बीच समझौता हो गया। ग्रामीणों ने अपना धरना समाप्त कर दिया और पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
जिला पुलिस अधीक्षक कविंद्र सिंह सागर ने बताया कि लगभग 12 वर्षीय लड़की 21 फरवरी को परीक्षा देने के लिए घर से निकली थी। वह स्कूल नहीं पहुंची तो परिवार वालों ने तलाश शुरू की। उन्होंने बताया कि बाद में अर्धनग्न शव एक नहर के पास मिला।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने छात्रा को रास्ते में रोका, उसने विरोध किया तो गला घोंटकर हत्या कर दी।
उसने कहा कि पीड़िता से दुष्कर्म का संदेह है जिसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट से होगी।
पुलिस ने कहा कि आरोपी श्याम सुंदर को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ में उसने लड़की का गला घोंटने की बात कबूल कर ली है।
सागर ने कहा, ‘‘हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसने जुर्म कबूल कर लिया है। पीड़िता से दुष्कर्म हुआ या नहीं इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट से होगी।’’
वहीं, पूर्व मंत्री देवी सिंह भाटी धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बात की। उन्होंने परिजनों को पोस्टमॉर्टम की इजाज़त देने के लिए मनाया। उपखंड अधिकारी ने पीड़ित परिवार की मांगों पर लिखित आश्वासन दिया।
पूर्व मंत्री भंवर सिंह भाटी ने कहा, ‘‘प्रशासन ने लिखित में आश्वासन दिया है। धरना खत्म हो गया है।’’
भाषा पृथ्वी शफीक
शफीक
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
