तिरुचिरापल्ली, नौ फरवरी (भाषा) अभिनेता-राजनेता विजय के नेतृत्व वाली पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने सोमवार को कहा कि तमिलनाडु में एक मूक क्रांति शुरू हो गई है।
पार्टी ने पूर्व प्रतिबद्धताओं को पूरा करने में विफल रहने के लिए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और विपक्षी ऑल इंडिया अन्नाद्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) पर कटाक्ष किया।
टीवीके ने अपने चुनाव घोषणापत्र के लिए यहां क्षेत्रीय सार्वजनिक परामर्श आयोजित किया।
बाद में, पत्रकारों को संबोधित करते हुए, टीवीके नेता अरुण राज ने कहा कि घोषणापत्र मतदाताओं को धोखा देने का साधन नहीं बन सकेगा।
राज ने पार्टी के जमीनी स्तर पर एकीकरण पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘हम तमिलनाडु में एक मूक क्रांति होते हुए देख सकते हैं। इस क्रांति का मतलब है हर घर के लिए विजय और हर सड़क के लिए एक टीवीके स्वयंसेवक।’’
उन्होंने कहा, ‘‘लोगों ने हमें बताया कि उन्होंने 2014 और 2021 में अर्जियां दी थीं, लेकिन चुनावी घोषणापत्र में होने के बावजूद वे अधूरी हैं। लोग अब मानसिक संकल्प के साथ हमारे नेता के पास आ रहे हैं और कह रहे हैं कि केवल आप ही ऐसा कर सकते हैं।’’
सार्वजनिक शिकायतों का विवरण देते हुए, राज ने कहा कि कई क्षेत्रों में पेयजल, सीवेज सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा तथा शैक्षिक बुनियादी ढांचे जैसी बुनियादी जरूरतों पर ध्यान नहीं दिया गया है।
उन्होंने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए तिरुचिरापल्ली को तमिलनाडु की दूसरी राजधानी बनाने की क्षेत्रीय मांग पर विशेष रूप से प्रकाश डाला।
शराब के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि शराबबंदी के लिए बड़े पैमाने पर अनुरोध किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘कई महिलाओं और संगठनों ने शराब की दुकानों की संख्या और उनके संचालन के घंटों में कमी करने के लिए कहा है। समिति हमारे नेता के अंतिम निर्णय के लिए इन विचारों को समेकित करेगी।’’
पार्टी ने सत्तारूढ़ द्रमुक पर टीवीके की सार्वजनिक बैठकों को प्रतिबंधित करने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का उपयोग करके ‘लोकतांत्रिक गला घोंटने’ का भी आरोप लगाया।
हाल ही में, मद्रास उच्च न्यायालय ने टीवीके संस्थापक और अभिनेता विजय द्वारा वित्तीय वर्ष 2015-16 में 15 करोड़ रुपये की अघोषित आय के लिए आयकर विभाग द्वारा लगाए गए 1.5 करोड़ रुपये के जुर्माने को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी।
राज ने स्पष्ट किया कि पार्टी आईटी मामले में कानूनी प्रक्रियाओं का पालन कर रही है और उसके पास अपील करने का विकल्प है।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
