कोडरमा, 20 मार्च (भाषा) झारखंड के कोडरमा जिले में पत्नी की शिकायत पर हिरासत में लिए गए 40 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार को थाने के अंदर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, पारसबाद कटिया गांव के निवासी विजय यादव को बृहस्पतिवार रात हिरासत में लिया गया। यादव की पत्नी चमेली देवी ने पारसबाद पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की।
उन्होंने बताया कि यादव को हिरासत में लेकर जैनगर थाने ले जाया गया। शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी और बेटी मिलने थाने आईं और थोड़ी देर बाद दोनों चली गईं।
अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान यादव ने पुलिसकर्मियों की थोड़ी देर की अनुपस्थिति के बीच आत्महत्या कर ली। उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का दावा है कि यादव ने गले में माला डालकर आत्महत्या की, जबकि चिकित्सकों ने मौत का कारण फंदे से लटकना बताया।
पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने बताया कि डीएसपी (मुख्यालय) रतिभान सिंह की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि एक मजिस्ट्रेट की देखरेख में मेडिकल बोर्ड द्वारा शव का पोस्टमार्टम किया गया।
सिंह ने कहा, ‘दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
भाषा राखी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.