ठाणे, सात मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 35-वर्षीय एक व्यक्ति ने पत्नी से अवैध संबंध के संदेह में अपने एक परिचित पर कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना चार मार्च की सुबह भिवंडी के कामतघर इलाके में हुई।
उन्होंने कहा कि विजय राघो साहा ने नीरज सुभाष साहा (20) पर कथित तौर पर मांस काटने वाले चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को संदेह था कि नीरज का उसकी (विजय की) पत्नी के साथ अवैध संबंध है। अधिकारी के अनुसार, इसी बात से गुस्से में आकर विजय ने नीरज पर हमला कर दिया।
उन्होंने कहा कि घायल पीड़ित को पहले एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया और बाद में उन्नत उपचार के लिए मुंबई के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी और पीड़ित दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और एक-दूसरे के परिचित थे।
इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
भाषा प्रचेता सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
