scorecardresearch
Wednesday, 11 November, 2026
होमदेशभीलवाड़ा में कनिष्ठ लेखाकार के खिलाफ एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने का मामला दर्ज

भीलवाड़ा में कनिष्ठ लेखाकार के खिलाफ एक लाख रुपए की रिश्वत मांगने का मामला दर्ज

Text Size:

जयपुर, 10 नवंबर (भाषा) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने भीलवाड़ा जिले में पंचायत समिति करेडा के कनिष्ठ लेखाकार धर्मवीर के खिलाफ एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ब्यूरो मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भीलवाड़ा प्रथम द्वारा आरोपी कनिष्ठ लेखाकार धर्मवीर के विरुद्ध रिश्वत मांगने का मामला दर्ज किया गया है।

ब्यूरो के आधिकारिक बयान के अनुसार परिवादी ने अपनी शिकायत में बताया कि ग्राम पंचायत उमरी की ‘एसएसओ आईडी’ को पंचायत समिति करेडा के विकास अधिकारी (बीडीओ) गुलाबचंद द्वारा ‘होल्ड’ कर दिया गया है। इस ‘होल्ड’ को हटाने की एवज में विकास अधिकारी द्वारा सहायक प्रशासनिक अधिकारी धर्मवीर के माध्यम से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान आरोपी धर्मवीर द्वारा परिवादी को गुलाबचंद के लिए एक लाख रुपये की रिश्वत राशि ग्राम पंचायत उमरी के सचिव शांतिलाल को देने के लिए कहा गया। सत्यापन के दौरान पता लगा कि परिवादी से पहले भी 40,000 रुपये की रिश्वत ली गयी थी।

गोपनीय सत्यापन के पश्चात आरोपी को प्रस्तावित कार्रवाई की भनक लग जाने के कारण रिश्वत का लेन-देन नहीं हो सका। आरोपी धर्मवीर के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथा संशोधित 2018) की संबंद्ध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा पृथ्वी अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments