scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशरात नौ बजे के मुख्य समाचार

रात नौ बजे के मुख्य समाचार

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) बुधवार को रात नौ बजे तक पीटीआई-भाषा की विभिन्न फाइल से जारी देश और दुनिया के मुख्य समाचार इस प्रकार हैं:

अर्थ11 मोदी लीड निर्यात

‘आत्मनिर्भर भारत’ की तरफ बढ़ने में 400 अरब डॉलर का निर्यात अहम पड़ावः मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चालू वित्त वर्ष में 400 अरब डॉलर का उत्पाद निर्यात लक्ष्य हासिल करने में भारत को मिली कामयाबी की तारीफ करते हुए बुधवार को कहा कि देश को ‘आत्मनिर्भर भारत’ बनाने में यह एक अहम पड़ाव है।

संसद28 लीड सोनिया लोस

सोनिया ने लोकसभा में कहा: स्कूलों में फिर से शुरू की जाए मध्याह्न भोजन की व्यवस्था

नयी दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को लोकसभा में सरकार से आग्रह किया कि कोविड-19 के कारण लंबे समय से बंद स्कूलों के खुलने के बाद अब मध्याह्न भोजन की व्यवस्था फिर से आरंभ की जाए ताकि बच्चों को गर्म और पका हुआ पौष्टिक भोजन मिल सके।

प्रादे67 उत्तराखंड धामी लीड शपथ

पुष्कर सिंह धामी ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

देहरादून, पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को एक भव्य समारोह में लगातार दूसरी बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर प्रदेश की राजनीति में नया इतिहास रचा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय कैबिनेट के कई मंत्री और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने।

प्रादे53 बंगाल हिंसा लीड गिरफ्तारी

बंगाल हिंसा मामला : अब तक 22 लोग गिरफ्तार, वाम दलों ने रामपुरहाट में निकाली रैली

कोलकाता/रामपुरहाट, पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हुई हिंसा के सिलसिले में अब तक कम से कम 22 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस हिंसा में आठ लोगों की जान चली गई थी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

दि60 बंगाल लीड हिंसा मोदी

मोदी ने बीरभूम हिंसा को ‘जघन्य पाप’ बताया, दोषियों को सजा दिलाने में केंद्रीय मदद का दिया प्रस्ताव

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के बीरभूम में मंगलवार को हुई हिंसा को ‘‘जघन्य पाप’’ करार देते हुए बुधवार को इस पर दुख प्रकट किया और उम्मीद जताई कि राज्य सरकार दोषियों को जरूर सजा दिलाएगी।

दि25 केन्द्र लीड वायरस

कोविड-19 संबंधी सभी पाबंदियां 31 मार्च से हटाई जाएंगी, मास्क लगाना रहेगा अनिवार्य

नयी दिल्ली, कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार कम होते मामलों के मद्देनजर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने करीब दो साल बाद, 31 मार्च से कोविड-19 संबंधी सभी पाबंदियों को हटाने का फैसला किया है। हालांकि, मास्क लगाने और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम लागू रहेंगे

दि71 दिल्ली लोकायुक्त

झारखंड उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश हरीश चंद्र मिश्रा ने दिल्ली के लोकायुक्त के तौर पर शपथ ली

नयी दिल्ली, झारखंड उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश हरीश चंद्र मिश्रा ने बुधवार को दिल्ली के लोकायुक्त पद की शपथ ली।

प्रादे115 कर्नाटक उडुपी लीड मंदिर विक्रेता

हिंदू संगठनों की अपील पर उडुपी मंदिर प्रबंधन ने परिसर में मुस्लिमों के कारोबार पर प्रतिबंध लगाया

उडुपी/बेंगलुरु (कर्नाटक), कर्नाटक में उडुपी जिले के कापू शहर में मारी गुड़ी मंदिर प्रबंधन ने हिंदू सगठनों के अनुरोध पर वार्षिक उत्सव के दौरान अन्य धर्म के लोगों को मंदिर की जमीन पर कारोबार नहीं करने देने का फैसला किया है।

दि17 वायरस लीड मामले

देश में कोविड-19 के 1,778 नए मामले, 62 और लोगों की मौत

नयी दिल्ली, भारत में एक दिन में कोविड-19 के 1,778 नए मामले सामने आने के बाद देश में कोरोना वायरस से अब तक संक्रमित हो चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,30,12,749 हो गई। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या घटकर 23,087 रह गई है।

वि30 यूक्रेन दूसरी लीड युद्ध

रूस ने मारियुपोल में राहतकर्मियों को बंदी बनाया: यूक्रेन

कीव, यूक्रेन के नेताओं ने रूस पर एक मानवीय सहायता काफिले को रोककर 15 बचावकर्मियों और चालकों को बंदी बनाने का आरोप लगाया, जो मारियुपोल में भोजन और अन्य वस्तुओं को प्राप्त करने की कोशिश कर रहे थे।

अर्थ58 श्रमिक संगठन-हड़ताल

केंद्रीय श्रमिक संगठनों का सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ 28-29 मार्च को हड़ताल का आह्वान

नयी दिल्ली, केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने सरकार की कामगार, किसान और जन विरोधी नीतियों के विरोध में 28 और 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है।

अर्थ16 लीड पेट्रोल मूल्य वृद्धि

पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार दूसरे दिन 80 पैसे प्रति लीटर बढ़े

नयी दिल्ली, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन 80 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई।

खेल21 खेल बैडमिंटन भारत

श्रीकांत ने स्विस ओपन में जीत के साथ आगाज किया

बासेल, सातवीं वरीयता प्राप्त किदाम्बी श्रीकांत ने मैड्स क्रिस्टोफरसेन को स्विस ओपन बैडमिंटन में सीधे गेम में हराकर स्विस ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरूष एकल वर्ग के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

भाषा शफीक सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments