scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशपंजाब, हरियाणा में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

पंजाब, हरियाणा में 77वां गणतंत्र दिवस उत्साह के साथ मनाया गया

Text Size:

चंडीगढ़, 26 जनवरी (भाषा) पंजाब और हरियाणा में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने फाजिल्का में राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने होशियारपुर में तिरंगा फहराया।

हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने पंचकूला में राज्य स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम में तिरंगा फहराया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने लोगों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।

होशियारपुर जिले में अपने संबोधन के दौरान मान ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और देश की एकता व अखंडता की रक्षा करने के लिए सशस्त्र बलों को सलाम किया।

हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, “गणतंत्र दिवस संवैधानिक मूल्यों में हमारी अटूट आस्था, सामाजिक समानता के संकल्प और लोकतांत्रिक आदर्शों के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता का प्रतीक है। इस पावन अवसर पर मैं देश की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और संविधान निर्माताओं को नमन करता हूं, जिन्होंने मजबूत गणराज्य की नींव रखी।”

उन्होंने कहा, “आइए, इस गणतंत्र दिवस पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लें और राष्ट्रहित में एकजुट होकर कार्य करें।”

दोनों राज्यों के जिला मुख्यालयों पर पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया। गणतंत्र दिवस के मद्देनजर पंजाब और हरियाणा में कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे।

भाषा मनीषा अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments