मुंबई, 30 सितंबर (भाषा) मुंबई में 2023 में महिलाओं की लज्जा भंग करने के इरादे से उनपर हमले के 778 मामले दर्ज किए गए और पीड़ितों की संख्या 781 रही। राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
महानगरों में इस तरह के अपराध के मामलों में मुंबई दूसरे स्थान पर है।
एनसीआरबी के आंकड़ों के अनुसार, इस तरह के 793 मामलों के साथ दिल्ली शीर्ष पर है और यहां 800 महिलाएं पीड़ित थीं, जबकि बेंगलुरु 731 अपराधों और 736 पीड़ितों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
अपहरण के मामलों में मुंबई दूसरे स्थान पर रहा, जहां 1,798 घटनाएं हुईं और 1,841 लोग इसके शिकार हुए, जबकि इस मामले में भी दिल्ली पहले स्थान पर रहा जहां अपहरण की 5,681 घटनाएं हुईं और 5,867 लोग इसके शिकार हुए।
रिपोर्ट के अनुसार, दुष्कर्म की घटनाओं के मामले में महानगरों में मुंबई तीसरे स्थान पर रहा, जहां 387 मामले दर्ज किए गए और पीड़ितों की संख्या भी इतनी ही थी। दिल्ली 1,088 घटनाओं और इतने ही पीड़ितों के साथ सूची में सबसे ऊपर रहा, जबकि जयपुर दूसरे स्थान पर रहा, जहां 574 महिलाओं से दुष्कर्म की घटनाएं हुईं। महानगरीय शहरों के आंकड़ों के अनुसार, 2023 में 124 हत्याओं और 125 पीड़ितों के साथ मुंबई चौथे स्थान पर था, जबकि 503 घटनाओं के साथ दिल्ली इस सूची में सबसे ऊपर था, जहां 521 लोगों की हत्या हुई। बेंगलुरु में 206 मामलों में 215 लोगों की हत्या की गई तथा यह दूसरे स्थान पर रहा।
रिपोर्ट के अनुसार, 129 मामलों के साथ जयपुर तीसरे स्थान पर है, जहां 131 लोगों की हत्या हुई।
भाषा यासिर दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.