ऊना (हिमाचल प्रदेश), 17 मई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना में एक टेंपो के पलट जाने से उसमें सवार एक बच्चे सहित 26 लोग घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि चालक टेंपो को एक अन्य वाहन से टकराने से बचाने का प्रयास कर रहा था तभी यह हादसा हो गया।
पुलिस ने बताया कि घायलों में से ज्यादातर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी मजदूर हैं जो शुक्रवार सुबह धुसाड़ा से टेंपो में सवार होकर पनोह के खेतों में काम करने गए थे।
उसने बताया कि जब वे वापस लौट रहे थे, तब एक अन्य वाहन से टकराने से बचने की कोशिश में टेंपो चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिसके कारण टेंपो पलट गया और 26 लोग घायल हो गए।
मजदूरों का शोर सुनकर स्थानीय लोग उनकी मदद के लिए दौड़े। बाद में मजदूरों को एंबुलेंस से एक अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस ने बताया कि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे इलाज के लिए पीजीआई (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान), चंडीगढ़ भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा योगेश सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.