scorecardresearch
Wednesday, 11 February, 2026
होमदेशहाथरस में यातायात जाम व थाने पर पथराव करने के आरोप में 12 महिलाओं समेत 26 लोग गिरफ्तार

हाथरस में यातायात जाम व थाने पर पथराव करने के आरोप में 12 महिलाओं समेत 26 लोग गिरफ्तार

Text Size:

हाथरस (उप्र), 10 फरवरी (भाषा) हाथरस जिले के मुरसान कोतवाली पुलिस ने एक सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद सड़क पर यातायात जाम करने और थाने पर पथराव करने के आरोप में 12 महिलाओं समेत 26 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, रविवार को किला मढैया में अर्टिगा गाड़ी की टक्कर से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई जिसके बाद वाहन चालक व उसमें सवार दो अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया और सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना से गुस्साए बच्चे के परिजनों और ग्रामीणों ने बाद में मुरसान कोतवली के सामने सड़क पर यातायात जाम कर दिया। पुलिस लोगों को अपने द्वारा की गई कानूनी कार्रवाई से अवगत करा रही थी, तभी कुछ लोगों ने रेलवे लाइन के पत्थरों से थाने पर पथराव कर दिया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना के संबंध में पुलिस ने सुसंगत धाराओं में 51 नामजद और 70 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अमित पाठक के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना मुरसान को पथराव करने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया।

पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित पाठक ने बताया कि सोमवार को थाना मुरसान पुलिस ने यातायात जाम और पथराव करने वाले 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

उन्होंने कहा, ‘‘कोतवली के सामने हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है। अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें 12 महिलाएं हैं।’’

उन्होंने बताया कि मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

भाषा आनन्द सिम्मी खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments