नयी दिल्ली, तीन अप्रैल (भाषा) उत्तर पश्चिम दिल्ली में हैदरपुर नहर के पास हुए झगड़े में 20 वर्षीय युवक की कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
हत्या के तुरंत बाद, आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया और एक शख्स की हत्या करने का दावा किया।
आरोपी ने कथित वीडियो में कहा, ‘रात के 11.22 बज गए भाई, तुम्हारे भाई ने ‘मर्डर’ मार दिया है, अंदर (जेल) जा रहा है कुछ दिनों के लिए, सारे भाई प्यार देना।’’ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को हुई घटना के सिलसिले में दो व्यक्तियों और एक नाबालिग को पकड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान 18 वर्षीय करण उर्फ तरुण के रूप में हुई है। उसने अपने साथियों 22 वर्षीय मोंटी और एक नाबालिग के साथ मिलकर नितेश उर्फ निक्की पर कथित तौर पर हमला किया था।
पीड़ित के परिवार ने अपने बेटे के लिए न्याय की मांग की और उसकी हत्या के लिए जिम्मेदार लोगों को कड़ी सजा देने की मांग की।
पीड़ित की मां ने कहा, ‘आरोपी ने उसे घर से बाहर बुलाया और घर के पीछे ले जाकर चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी। उसे लगभग दस बार चाकू मारा गया था।’
उन्होंने कहा कि आरोपी ने उनके बेटे की हत्या का वीडियो भी रिकॉर्ड किया था।
आरोपी द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कथित वीडियो में आरोपी यह दावा करते हुए दिखाई दे रहा है कि उसने किसी की हत्या की है।
पीड़ित के परिवार को संदेह है कि आरोपी और उनके बेटे के बीच पहले से कोई व्यक्तिगत दुश्मनी रही होगी, जिसके कारण हत्या हुई है।
मृतक के पिता ने कहा, ‘रात करीब 9:30 बजे जब मैं अपने बेटे को बचाने गया, तो उसने मुझे घर वापस जाने को कहा। बाद में मुझे सूचना मिली कि उसकी हत्या कर दी गई है। मेरा मानना है कि उनके बीच किसी तरह को लेकर दुश्मनी रही होगी जिसके कारण यह घटना हुई।’
उन्होंने बताया कि उनके बेटे पर चाकू से कई वार किए गए हैं। उन्होंने कहा कि वह निर्माण मजदूर के रूप में काम करते हैं और उनका बेटा भी इसी काम में लगा हुआ था।
पुलिस के अनुसार, नितेश और करण के बीच पहले कहासुनी हुई थी और इसी दौरान आरोपियों में से एक ने पीड़ित पर कई बार चाकू से वार कर दिया।
भाषा नोमान नोमान सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
