नागपुर, एक मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर जिले में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले एक कारखाने में रविवार सुबह हुए धमाके में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह विस्फोट कटोल तहसील के राउलगांव स्थित खनन और औद्योगिक कार्यों के लिए विस्फोटक पदार्थ बनाने वाली कंपनी ‘एसबीएल एनर्जी लिमिटेड’ के कारखाने में हुआ।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट में कम से कम 17 लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गए।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम बचाव अभियान के लिए घटनास्थल पर पहुंची।
एसबीएल एनर्जी लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह घटना कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग इकाई में सुबह सात बजे से सवा सात बजे के बीच हुई।
कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव अभियान जारी है और वे जल्द ही एक बयान जारी करेंगे।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के तुरंत बाद घायलों को नागपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिला कलेक्टर विपिन इटांकर और पुलिस अधीक्षक हर्ष पोदार घटनास्थल पर मौजूद थे।
यह घटना आंध्र प्रदेश के काकीनाडा जिले में एक पटाखा कारखाने में हुए विस्फोट के एक दिन बाद हुई है, जिसमें 21 लोगों की जान चली गई थी।
भाषा
गोला संतोष
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
