scorecardresearch
Monday, 13 April, 2026
होमदेशमप्र में नर्मदा नदी में ओंकारेश्वर में नागर घाट पर स्नान करने गये 15 पर्यटकों को बचाया गया

मप्र में नर्मदा नदी में ओंकारेश्वर में नागर घाट पर स्नान करने गये 15 पर्यटकों को बचाया गया

Text Size:

खंडवा (मप्र), नौ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के खंडवा जिले में नर्मदा नदी पर बने एक बांध से रविवार को पानी छोड़े जाने के कारण इस नदी में ओंकारेश्वर के नागर घाट पर स्नान करने गये कम से कम 15 पर्यटक चारों तरफ से पानी से घिर गये, जिन्हें प्रशासन द्वारा नावों के जरिए सुरक्षित बचाया गया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।

सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) चंदर सिंह सोलंकी ने बताया कि लगभग 15 श्रद्धालु आज सुबह नागर घाट पर नहाने के लिए पहुंचे थे। प्रतिदिन के अनुसार ओंकारेश्वर बांध से सायरन बजाकर पानी छोड़ा गया, जिससे धीरे-धीरे जल स्तर बढ़ने लगा। लेकिन जलस्तर बढ़ता देखने के बाद भी इनमें से कोई भी श्रद्धालु वहां से हटकर किनारे पर नहीं गए, जिसके कारण वे वहां फंस गये।

उन्होंने कहा कि इलाके में तैनात नाविकों और होमगार्डों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इन लोगों को वहां से सुरक्षित बाहर निकालकर बचाया।

नर्मदा जलविद्युत विकास निगम लिमिटेड द्वारा बिजली उत्पादन के दौरान बांध से नियमित रूप से पानी छोड़ा जाता है।

सोलंकी ने बताया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। साथ ही स्थानीय निवासियों के माध्यम से बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को गहरे पानी में न जाने संबंधी समझाइश लगातार दिलवाई जाएगी एवं घाटों पर और अधिक संख्या में होमगार्ड एवं पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जायेगी ।

प्रत्यक्षदर्शी रंजीत भवरिया ने बताया कि जलस्तर कम होने के कारण कुछ लोग 50-60 मीटर तक नदी में चले गए, लेकिन बांध का पानी छोड़े जाने के बाद जलस्तर बढ़ गया और वे फंस गए।

उन्होंने कहा कि बाद में नाविकों ने रस्सियों की मदद से उन्हें बचाया।

सोशल मीडिया पर इस घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिसमें नाविक इस नदी और इसके आसपास की चट्टानों पर फंसे लोगों को बचाने के लिए अपनी नावों का इस्तेमाल करते नजर आ रहे हैं।

भाषा सं रावत रावत रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments