scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशबिहार में तीन महीनों में 14-15 वर्ष आयु की 13.15 लाख लड़कियों को एचपीवी का टीका लगेगा

बिहार में तीन महीनों में 14-15 वर्ष आयु की 13.15 लाख लड़कियों को एचपीवी का टीका लगेगा

Text Size:

पटना, 28 फरवरी (भाषा) बिहार में अगले तीन महीनों के दौरान 14-15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 13.15 लाख लड़कियों को ‘ह्यूमन पेपिलोमावायरस’ (एचपीवी) से बचाव के लिए टीका लगाया जाएगा। यह जानकारी राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शनिवार को दी।

पांडेय तीन महीने के एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत के दौरान यहां बोल रहे थे। अभियान का उद्देश्य राज्य में किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर से बचाना है।

पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआईएमएस) में आयोजित यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा राजस्थान के अजमेर से राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत के साथ ही हुआ।

पांडेय ने कहा, ‘‘इस अभियान के तहत अगले तीन महीनों के दौरान 14-15 वर्ष की लगभग 13.15 लाख लड़कियों को टीका लगाया जाएगा। यह पहल देश में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नये अध्याय की शुरुआत है और बिहार इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।’’

उन्होंने दावा किया कि बिहार भारत में एचपीवी टीकाकरण शुरू करने वाला पहला राज्य था।

पांडेय ने कहा, ‘‘पिछले डेढ़ साल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार ने 6.79 लाख किशोरियों को टीके की पहली खुराक और 85,000 लड़कियों को टीके की दूसरी खुराक दी है।’

इस कार्यक्रम के दौरान राजस्थान से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का सीधा प्रसारण किया गया।

मंत्री ने कहा कि केंद्र ने बिहार को पहले ही लगभग 6.5 लाख टीके की खुराक उपलब्ध करा दी हैं, जिन्हें सभी जिलों में भेजा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ये खुराक जिला अस्पतालों से लेकर प्रखंड स्तर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक उपलब्ध होंगी।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments