इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच फरवरी (भाषा) इंदौर में परिवहन विभाग ने बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के बाइक टैक्सी के परिचालन पर रैपिडो से जुड़ीं 12 मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और टैक्सी सेवा प्रदाता को नोटिस जारी करके कहा है कि वह मोबाइल ऐप के जरिये बाइक टैक्सी की बुकिंग की सेवा तत्काल बंद करे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी।
सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अर्चना मिश्रा ने विज्ञप्ति में बताया कि रैपिडो शहर में अपने मोबाइल ऐप के माध्यम से बाइक टैक्सी सेवा संचालित कर रही है, जबकि इस परिचालन के लिए उसे ट्रेड लाइसेंस जारी नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया,‘‘रैपिडो से जुड़ीं 12 बाइक टैक्सियों को जब्त किया गया है। इस कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग के अमले ने मोबाइल ऐप के जरिए खुद बुकिंग करके बाइक टैक्सी चालकों को बुलवाया। जैसे ही ये चालक तय स्थान पर पहुंचे, मौके पर मौजूद अधिकारियों ने बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के बाइक टैक्सी के परिचालन का हवाला देते हुए उनकी मोटरसाइकिलें जब्त कर लीं।’’
एआरटीओ ने बताया कि रैपिडो को नोटिस जारी करके कहा गया है कि वह शहर में मोबाइल ऐप के जरिये बाइक टैक्सी की बुकिंग की सेवा तत्काल बंद करे और कथित अनियमितताओं पर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करे।
मिश्रा ने बताया,’नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि इसका जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया, तो एकतरफा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
उन्होंने बताया,‘‘शहर में 2021 और 2024 के बीच विभिन्न बाइक टैक्सी सेवा प्रदाता कंपनियों का मोबाइल ऐप बंद कराने एवं कानूनी कार्रवाई के लिए कई बार पत्राचार किया गया, लेकिन उनके ऐप पर प्रत्यक्ष नियंत्रण न होने के कारण इन्हें बंद नहीं कराया जा सका। अब इस सिलसिले में पुलिस का सहयोग लिया जा रहा है।’’
विज्ञप्ति में कहा गया कि शहर में इस सप्ताह की शुरुआत में रैपिडो से जुड़े एक बाइक टैक्सी चालक पर 17 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
विज्ञप्ति के मुताबिक आरोपी कपड़े दिलाने के बहाने नाबालिग लड़की को अपने कमरे में ले गया था और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया था।
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
