मुंबई, आठ मई (भाषा) केंद्रीय मंत्री तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता रावसाहेब दानवे ने रविवार को उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी शादी भाजपा के साथ तय हुई थी, लेकिन वह ”धोखा देकर दूसरों के साथ भाग गई।”
दानवे 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के बाद ठाकरे के नेतृत्व में सरकार बनाने के लिये शिवसेना के राकांपा और कांग्रेस के साथ हाथ मिलाने का जिक्र कर रहे थे।
भाजपा की सबसे पुरानी सहयोगी पार्टियों में शुमार शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद साझा करने के मुद्दे पर भाजपा से नाता तोड़ लिया था।
दानवे ने यहां एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से कहा, ”शिवसेना ने मुख्यमंत्री पद के लिए हमें (भाजपा को) छोड़ दिया। हमने उसे नहीं छोड़ा। यह लोगों को तय करना है कि वे भाजपा को छोड़कर भागे हैं या नहीं। शादी हमारे साथ तय हुई थी, लेकिन वे दूसरों के साथ भाग गए।”
भाषा
जोहेब नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
