scorecardresearch
Wednesday, 25 March, 2026
होमदेशरंजिश में पहलवान की हत्या; नाराज भीड़ ने किया पुलिस वाहनों पर पथराव, ग्राम प्रधान सहित चार लोग गिरफ्तार

रंजिश में पहलवान की हत्या; नाराज भीड़ ने किया पुलिस वाहनों पर पथराव, ग्राम प्रधान सहित चार लोग गिरफ्तार

Text Size:

( ग्राम प्रधान सहित चार लोगों की गिरफ्तारी की सूचना के साथ )

जौनपुर (उत्तर प्रदेश), छह मई (भाषा) जौनपुर जिले के गौराबादशाहपुर क्षेत्र में शुक्रवार रात पुरानी रंजिश को लेकर एक युवा पहलवान की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई।

वारदात से नाराज ग्रामीणों ने रास्ता जाम कर एक सरकारी एंबुलेंस को आग लगा दिया और पथराव कर पुलिस की कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त कर दीं। लोगों को हिंसा के लिए उकसाने के आरोप में एक ग्राम प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि धर्मापुर ठकुरची गांव का निवासी युवा पहलवान बादल यादव (21) अपने साथी अंकित यादव (25) के साथ आखाड़े से लौट रहा था, इसी बीच पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उन दोनों पर चाकुओं से हमला कर दिया और ताबड़तोड़ कई वार करने के बाद फरार हो गये।

उन्होंने बताया कि आसपास के लोग घायलों को अस्पताल ले गये, जहां डॉक्टरों ने बादल को मृत घोषित कर दिया जबकि अंकित की नाजुक हालत को देखते हुए उसे वाराणसी रेफर कर दिया।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पचहटिया स्थित प्रसाद तिराहे पर रास्ता जाम करके सरकारी एबुलेंस को आग लगा दिया और पुलिस की गाड़ियों पर पथराव किया, जिससे उनके शीशे चकनाचूर हो गये। हालांकि इस घटना में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है।

पुलिस अधीक्षक अजय साहनी ने बताया कि घटना में मारा गया युवक, घायल और हमलावर नौजवान दोस्त थे। उन्होंने बताया कि वारदात में घायल युवक और एक अन्य को पुलिस ने हिरासत में लिया है।

साहनी ने बताया कि पथराव और आगजनी के आरोप में स्थानीय ग्राम प्रधान जयहिंद यादव और तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि हत्या के पीछे रंजिश को कारण बताया जा रहा है। कुछ दिन पूर्व अखाड़े पर बादल और अंकित का कुछ लोगों से विवाद हुआ था। जिसके चलते आज यह वारदात हुई है।

भाषा सं सलीम अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments