नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) यमन की राजधानी सना में रविवार को रिहा किए गए 14 विदेशियों में सात भारतीय नाविक भी शामिल हैं। ओमान के विदेश मंत्री बद्र अलबुसैदी ने यह जानकारी दी।
यह क्षेत्र हाउती विद्रोहियों के नियंत्रण में है।
भारतीय नाविकों और विभिन्न देशों के कम से कम सात अन्य लोगों को यमन के हाउती विद्रोहियों द्वारा बंदी बना लिया गया था, जब उन्होंने तीन महीने पहले संयुक्त अरब अमीरात के एक व्यापारी जहाज को जब्त कर लिया था।
अलबुसैदी ने सात भारतीयों सहित 14 लोगों की रिहाई की पुष्टि की है।
ओमान के विदेश मंत्री ने ट्वीट किया, ‘यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि कैप्टन कार्लोस डेमाटा, मोहम्मद जशीम खान, अयानाचेव मेकोनेन, दीपाश मुता परम्बिल, अखिल रेघु, सूर्य हिदायत परमा, श्रीजीत सजीवन, मोहम्मद मुनवर समीर, संदीप सिंह, ल्यूक साइमन और उनकी पत्नी और बच्चे, मौंग थान और वीरा वीएसएसजी वासमसेट्टी को आज यमन में हिरासत से रिहा कर दिया गया है।’
अलबुसैदी के ट्वीट का जवाब देते हुए भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मामले में ओमान की मदद के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
जयशंकर ने ट्वीट किया, ‘आपकी मदद और सहायता के लिए शुक्रिया मेरे दोस्त बद्र अलबुसैदी। भारतीयों की सुरक्षित घर वापसी का इंतजार है।”
भाषा रवि कांत पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
