नासिक, 24 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को कहा कि राज्य सरकार मुंबई में सभी समुदायों के विद्यार्थियों के लिए सबसे बड़ा छात्रावास बनवाएगी।
उन्होंने बताया कि इस छात्रावास का निर्माण मुंबई के उपनगर बांद्रा में तीन एकड़ जमीन पर कराया जाएगा, जिसका स्वामित्व राज्य के उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के पास है।
यशवंतराव चव्हाण जन्म शताब्दी वर्ष परियोजना के तहत उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग द्वारा निर्माण कराए गए मातोश्री बालिका छात्रावास को समर्पित करने के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवार ने कहा, ‘‘छत्रपति साहू महाराज रिसर्च, ट्रेनिंग ऐंड ह्यूमन डेवलपमेंट इंस्टीट्यूट (सारथी), महात्मा ज्योतिबा फुले रिसर्च ऐंड ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (महाज्योति) के विद्यार्थियों, आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के विद्यार्थियों और सभी समुदायों और जातियों के विद्यार्थियों को इस छात्रावास में प्रवेश दिया जाएगा।’’
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री उदय सामंत ने कहा कि रत्नागिरि, औरंगाबाद और नागपुर में भी मातोश्री बालिका छात्रावास की तर्ज पर छात्रावास का निर्माण कराया जाएगा।
भाषा धीरज दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
