scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशपवार पर ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट के मामले में अभिनेत्री को 18 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा

पवार पर ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट के मामले में अभिनेत्री को 18 मई तक पुलिस हिरासत में भेजा

Text Size:

ठाणे, 15 मई (भाषा) महाराष्ट्र की एक अदालत ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार के बारे में सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के मामले में रविवार को मराठी अभिनेत्री केतकी चिताले को 18 मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

वहीं, पुणे साइबर पुलिस ने कहा कि ठाणे पुलिस की हिरासत अवधि समाप्त होने पर वह अभिनेत्री की हिरासत मांगेगी। पुणे साइबर पुलिस ने भी चिताले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

पुणे साइबर पुलिस के निरीक्षक दगड़ू हाके ने कहा, ”हमने चिताले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और ठाणे पुलिस की हिरासत अवधि समाप्त होने बाद हम उनकी हिरासत का अनुरोध करेंगे।”

अधिकारी ने कहा कि फिल्म और टेलीविजन अभिनेत्री 29 वर्षीय चिताले ने कथित तौर पर अपने फेसबुक पेज पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसके कारण ठाणे पुलिस ने उन्हें शनिवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अभिनेत्री को रविवार को एक अवकाशकालीन अदालत के सामने पेश किया गया, जिसने उन्हें 18 मई तक के लिए पुलिस हिरासत में भेज दिया।

इस बीच, पुणे के एक संगठन ने चिताले द्वारा साझा पोस्ट में कथित तौर पर संत तुकाराम का जिक्र करने के लिए अभिनेत्री के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग उठायी।

संत तुकाराम देहू संस्थान ने पुणे के देहू थाने में लिखित शिकायत कर चिताले द्वारा साझा पोस्ट में कथित तौर पर 17वीं सदी के कवि का जिक्र करने के लिए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पवार के बारे में आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने पर चिताले और फार्मेसी के 23 वर्षीय छात्र निखिल भामरे को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था।

चिताले द्वारा साझा किए गए पोस्ट में ‘‘नरक इंतजार कर रहा है’’ और ‘‘आप ब्राह्मणों से नफरत करते हैं’’ जैसी टिप्पणियां लिखी गयी हैं जो कथित तौर पर वरिष्ठ राकांपा नेता की आलोचना है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments