अमरावती, पांच मई (भाषा) आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री टी वनिता हाल में हुए बलात्कार के एक मामले के बारे में अपने उस बयान को लेकर विपक्ष के निशाने पर आ गई हैं जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि ‘‘कुछ घटनाएं अनजाने में होती हैं ।’’ मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि इस तरह के यौन उत्पीड़न के मामलों में शामिल लोग केवल तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) से जुड़े हैं।
तिरुपति में एक जनसभा में मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी की। राज्य की गृह मंत्री द्वारा की गई विवादास्पद टिप्पणियों की पृष्ठभूमि में मुख्यमंत्री का यह बयान आया है।
रेपल्ले रेलवे स्टेशन पर तीन लोगों द्वारा एक गर्भवती महिला से सामूहिक दुष्कर्म की घटना के संदर्भ में गृह मंत्री ने दावा किया कि आरोपियों का, सिवाय उसके पति के पैसे लूटने के, ऐसा कोई इरादा नहीं था।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘वे (आरोपी) नशे में थे और जब वे महिला के पति की पिटाई कर रहे थे, तो महिला ने उन्हें बचाने की कोशिश की। इसी क्रम में तीनों हमलावरों ने उसे धक्का देकर बांध दिया और… इस तरह का कुछ हुआ।’’
पिछले हफ्ते, गृह मंत्री ने माताओं पर अपने बच्चों की परवरिश को लेकर सही जिम्मेदारी नहीं निभाने का आरोप लगाया।
राज्य के अलग-अलग हिस्सों में सामूहिक बलात्कार की दो घटनाओं के बाद वनिता की टिप्पणियों को लेकर विपक्षी दलों ने उनकी आलोचना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महासचिव एस विष्णुवर्धन रेड्डी ने कहा, ‘‘एक महिला गृह मंत्री होने के नाते आप इस तरह की लापरवाह टिप्पणी कैसे कर सकती हैं? कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सरकार की प्रतिक्रिया हैरान करने वाली है।’’
तेदेपा की महिला इकाई की अध्यक्ष वी अनीता ने कहा, ‘‘बच्चे के आचरण के लिए माताएं जिम्मेदार हैं, तो क्या 14 मामलों में जगन के 16 महीने जेल में रहने के लिए वाई एस विजयम्मा (मुख्यमंत्री की मां) जिम्मेदार नहीं हैं ?’’
अनीता ने कहा कि जगन मोहन रेड्डी के ‘‘अयोग्य शासन’’ के कारण राज्य में लड़कियों और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार बढ़े हैं।
भाषा आशीष मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
