नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने अनुशासनहीनता के आरोपों का सामना कर रहे, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ द्वारा ‘कारण बताओ’ नोटिस का जवाब नहीं दिए जाने को भी ‘घोर अनुशासनहीनता’ माना है और उनके खिलाफ ‘कड़ी कार्रवाई’ की तैयारी कर रही है।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बुधवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को यह जानकारी दी।
गौरतलब है कि कांग्रेस की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति ने अनुशासनहीनता के आरोपों को लेकर कांग्रेस के दो वरिष्ठ नेताओं सुनील जाखड़ और के. वी. थॉमस को गत 11 अप्रैल को ‘कारण बताओ’ नोटिस जारी कर एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा था। थॉमस का जवाब मिल गया है, लेकिन जाखड़ की तरफ से अब तक जवाब नहीं आया।
जाखड़ ने मंगलवार को कहा था कि उन्होंने पार्टी की अनुशासनात्मक कार्रवाई समिति की ओर से दिए गए ‘कारण बताओ’ नोटिस का जवाब नहीं दिया है और समिति को जो फैसला करना है, वह कर ले।
कांग्रेस के एक उच्च पदस्थ सूत्र ने जाखड़ की इस टिप्पणी के बारे में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पहले अनुशासनहीनता के लिए उन्हें ‘कारण बताओ’ नोटिस दिया गया। अब तक उन्होंने जवाब नहीं दिया है। यह भी घोर अनुशासनहीनता है। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।’’
उन्होंने यह भी कहा, ‘‘इस बारे में फैसला अनुशासन समिति करेगी। समिति की बैठक इस सप्ताह के अंत तक होने की उम्मीद है।’’
सुनील जाखड़ पर विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी को नुकसान पहुंचाने वाले बयान देने तथा पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ ‘आपत्तिजनक टिप्पणी’ करने का आरोप है। कांग्रेस नेता उदित राज ने पिछले दिनों खुलकर यह मांग की थी कि जाखड़ को पार्टी से निष्कासित किया जाए।
भाषा हक हक मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
