scorecardresearch
Wednesday, 1 April, 2026
होमदेशखदान में फंसे चार मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी : तमिलनाडु सरकार

खदान में फंसे चार मजदूरों को निकालने का प्रयास जारी : तमिलनाडु सरकार

Text Size:

तिरुनेलवेली (तमिलनाडु), 15 मई (भाषा) तमिलनाडु में तिरुनेलवेली के पास अदैमिधिप्पनकुलम गांव में शनिवार देर रात एक पत्थर खदान में काम के दौरान बड़े-बड़े पत्थर गिरने से छह मजदूर 100 फुट से अधिक गहरे गड्ढे में फंस गए, जिनमें से दो को बचा लिया गया, जबकि चार अन्य को सुरक्षित निकालने के प्रयास जारी हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री आर.एस. राजकनप्पन को बचाव कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया और कहा कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की मदद लेने सहित हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, बचाए गए दो मजदूरों को जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दमकल एवं बचाव सेवा विभाग के कर्मी चार अन्य मजदूरों को सुरक्षित निकालने में जुटे हैं।

स्टालिन ने कहा कि घटना की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घायलों को मुख्यमंत्री जन राहत कोष से एक-एक लाख रुपये की मदद दी जाएगी।

जिलाधिकारी वी. विष्णु और पुलिस अधीक्षक पी. सरवनन बचाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। विष्णु ने कहा कि निजी पत्थर खदान को 2018 में लाइसेंस मिला था और 2023 में इसका नवीनीकरण होना था।

जिलाधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ”यह हादसा शनिवार रात करीब 11:30 बजे हुआ और इसका कारण भूस्खलन हो सकता है। दो मजदूरों को सुरक्षित बचा लिया गया है। फंसे हुए चार मजदूरों को बचाने के प्रयास जारी हैं।”

उन्होंने कहा कि नौसेना से हेलीकॉप्टर की सेवाएं मांगी गईं, लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण हेलिकॉप्टर का इस्तेमाल नहीं किया जा सका है।

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments