चंडीगढ़, छह मई (भाषा) दिल्ली पुलिस की एक टीम ने ‘बेहद नाटकीय घटनाक्रम’ में कुरुक्षेत्र में भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को पंजाब पुलिस से अपने संरक्षण में ले लिया। पंजाब पुलिस ने बग्गा को शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में उनके घर से गिरफ्तार किया था।
पंजाब पुलिस की टीम को कुरुक्षेत्र के पीपली में रोका गया था। हरियाणा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि उन्हें बताया गया कि बग्गा को उनके आवास से ‘‘जबरन’’ उठाया गया था।
कुरुक्षेत्र के एक पुलिस अधिकारी ने फोन पर बताया कि दिल्ली पुलिस की एक टीम कुरुक्षेत्र पहुंची और बग्गा को अपने साथ लेकर राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना हो गई।
इससे पहले, दिन में दिल्ली पुलिस ने भाजपा नेता की गिरफ्तारी के बाद उनके अपहरण का मामला दर्ज किया था। दूसरी ओर, पंजाब सरकार ने कुरुक्षेत्र में अपनी टीम को ‘‘हिरासत’’ में लिए जाने और उसके बाद के घटनाक्रम के खिलाफ यहां उच्च न्यायालय का रुख किया।
पिछले महीने आम आदमी पार्टी (आप) के मोहाली निवासी नेता सनी अहलूवालिया की शिकायत पर पंजाब पुलिस ने भड़काऊ बयान, वैमनस्य को बढ़ावा और आपराधिक धमकी देने के आरोप में बग्गा के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
भाषा सुरभि पवनेश नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
