कोच्चि, दो मई (भाषा) केरल के एक विश्वविद्यालय के अनुसंधानकर्ताओं ने तमिलनाडु के अंतर्ज्वारीय समुद्र तट तलछट में खोजी गई समुद्री टार्डिग्रेड की नई प्रजाति का पता लगाया और भारत के पहले चंद्र मिशन, चंद्रयान के सम्मान में इसे ‘बैटिलिप्स चंद्रायणी’ नाम दिया।
कोचीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के समुद्री प्रौद्योगिकी विभाग के वैज्ञानिकों एस बिजॉय नंदन तथा विष्णु दत्तन ने तमिलनाडु में मंडपम तट के अंतर्ज्वारीय तट तलछट में से यह महत्वपूर्ण खोज की।
नंदन ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘वर्तमान प्रजाति आकार में अन्य टार्डिग्रेड के समान है, जिनकी लंबाई लगभग 0.15 मिलीमीटर और चौड़ाई 0.04 मिलीमीटर है। इस प्रजाति के जीव में चार जोड़ी यानी आठ पैर होते हैं।’’
उन्होंने कहा कि इस प्रजाति के प्रत्येक जीव की समुद्री जीवन और तटीय पारिस्थितिकी तंत्र में अहम भूमिका है।
भाषा
वैभव माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.