गाजियाबाद (उप्र), 14 फरवरी (भाषा) गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट (आयुक्तालय) के मोदीनगर थाना इलाके में गश्ती पर तैनात दो पुलिसकर्मियों को कथित तौर पर पीटने और उन्हें घायल करने के आरोप में सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है जिनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 2.30 बजे की है जब ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों ने मोदीनगर कस्बे के गोविंदपुरम पुलिस चौकी इलाके के एक चौराहे पर खड़े बाइक सवार युवकों को रोक लिया।
दोनों पुलिसकर्मियों को देखकर वे सभी वहां से भाग गए और पुलिस ने उनका पीछा किया। कुछ मिनट बाद वे सभी फिर से सड़क किनारे एक चाय की दुकान पर देखे गए और जब पुलिस ने उनसे पूछताछ करने की कोशिश की, तो उन्होंने उन पर लाठियों से हमला कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हमले में मुख्य आरक्षी अजय वीर सिंह और रामपाल सिंह के सिर में चोटें आई हैं।
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) रवि कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि जब आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को पीटना शुरू किया तो वहां मौजूद एक चाय की दुकान के मालिक और कुछ अन्य लोगों ने उन्हें बचाया और विकास (24) नामक एक युवक को पकड़ लिया।
इस घटना के बाद कुछ और पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। पूछताछ के दौरान विकास ने अपने साथियों बंटी, अभिमन्यु, हनी, ईशांत और दो अज्ञात के बारे में जानकारी दी।
पुलिस ने मुख्य आरक्षी अजय वीर सिंह की शिकायत पर सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
भाषा सं आनन्द
संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
