scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशआरपीआई (ए), भाजपा मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मनसे की मांग की समर्थक नहीं: आठवले

आरपीआई (ए), भाजपा मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मनसे की मांग की समर्थक नहीं: आठवले

Text Size:

नागपुर, 19 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को कहा कि उनकी पार्टी आरपीआई (ए) मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मनसे प्रमुख राज ठाकरे की मांग का समर्थन नहीं करती है।

आठवले ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में यह भी दावा किया कि यहां तक कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) भी इस मुद्दे पर राज ठाकरे का समर्थन नहीं करती है।

उनकी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) (आरपीआई-ए) केंद्र में भाजपा नीत सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘ यदि वह (मनसे) लाउडस्पीकर का इस्तेमाल करना चाहती है तो वह कर सकती है, लेकिन हम मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटाने की मांग का विरोध करते हैं। यहं तक कि (शिवसेना संस्थापक) बाला साहब ठाकरे भी ऐसी मांग के विरुद्ध थे। मुझे लगता है कि धर्मों के बीच ऐसी खाई नहीं खोदी जानी चाहिए।’’

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने अजान के लिए मस्जिदों में लाउडस्पीकर इस्तेमाल किए जाने का विरोध किया है। उन्होंने महाराष्ट्र सरकार से तीन मई तक मस्जिदों से लाउडस्पीकर हटवाने को कहा है और चेतावनी दी है कि ऐसा न होने पर उनकी पार्टी मस्जिदों के सामने हनुमान चालीसा बजाएगी।

आठवले ने कहा, ‘‘ भाजपा ने ऐसा कोई रुख नहीं अपनाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास’ में यकीन करते हैं और भाजपा द्वारा ऐसा कोई रुख अपनाए जाने की संभावना नहीं है। यह राज ठाकरे का एजेंडा है।’’

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments